गांव सातनपुर में रोते बिलखते शानू के परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शादी समारोह से वापस आ रहे युवक की बाइक मंझना में बिजली पोल से टकरा गई। हेलमेट न लगाए होने से सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
शहर कोतवाली के गांव सातनपुर निवासी मान सिंह यादव का 22 वर्षीय पुत्र शानू यादव आवास विकास कालोनी में एलआईसी कार्यालय के पास सब्जी की दुकान लगाता था। शानू गुरुवार को बढ़पुर निवासी दोस्त बबलू के साथ शमसाबाद शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात को बबलू अन्य लोगों के साथ कार से व शानू बाइक से वापस आ रहा था।
शानू हेलमेट नहीं लगाए था। राजेंद्र सिंह इंटर कॉलेज मंझना के सामने बिजली के पोल से शानू की बाइक टकरा गई। सिर में चोटें लगने से शानू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शानू को लोहिया अस्पताल भेजा।
वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पिता मान सिंह, मां पम्मी देवी, भाई राजीव, संजीव, मानू, बहन मधू, नीरज, हिमांशी रो-रो कर बेहाल हो गईं। परिजन शव लेकर घर चले गए।