राजेपुर। बरेली-इटावा हाईवे पर डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्राली खड्ड में चली गई। ट्राली में सवार छह लोग घायल हो गए। चालक डंपर को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर घायलों को सीएचसी भेजा।
हरदोई के कस्बा शाहबाद निवासी रामरहीम सोमवार को बच्चे का पांचाल घाट पर मुंडन कराने के लिए रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से आए थे। बरेली-इटावा हाईवे गांव गांधी के सामने डंपर बिजली के पोल को तोड़ते हुए ट्राली से टकरा गया।
डंपर की टक्कर लगने से ट्रैक्टर-ट्राली खड्ड में चली गई। ट्राली में सवार रामरहीम, थाना पाली के गांव किलकिली निवासी सुरेश, वीरेश, जनपद शाहजहांपुर थाना निगोही के गांव भरतापुर निवासी रामतीरथ, थाना शाहबाद के गांव उमरिया निवासी सौरभ व राजा बाबू घायल हो गए। डंपर चालक भाग गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
टेंपो बाइक की टक्कर में दो घायल
कमालगंज। जहानगंज थानाक्षेत्र के गांव भर्तामऊ निवासी अनीश कुमार (22) सोमवार दोपहर बाइक से जहानगंज बाजार जा रहा था। जहानगंज चौराहे के पास सामने से जा रहे टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक अनीश व टेंपो सवार बहोरिकपुर निवासी संजीव कुमार (27) घायल हो गए। चालक टेंपो लेकर भाग गया। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। सूचना मिलते ही घायल अनीश के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। (संवाद)
स्कूल के ताले तोड़कर टीवी चोरी
कायमगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव कटरा रहमत खां के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में रविवार रात चोरों ने ताले तोड़ दिए। चोर वहां रखी टीवी चोरी कर ले गए। स्कूल की प्रधानाध्यापक लक्ष्मी देवी ने कोतवाली में सूचना दी। उन्होंने बताया कि इस स्कूल में पहले भी पांच बार चोरी हो चुकी है। (संवाद)