फर्रुखाबाद। दुकान में सो रहे युवक की पंखे में उतरे करंट से मौत हो गई। सुबह 11 बजे तक न जागने पर बहनोई ने उसे मृत पड़ा देखा। बिजली आपूर्ति बंद कराने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वह पिज्जा की दुकान चलाता था।
कादरीगेट थाने के क्रिश्चियन स्कूल मैदान में नुमाइश लगी है। उसमें दूरदराज से आए कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें लगाई हैं। जनपद हरदोई के गांव अमरवा, टड़ियावा निवासी फहीम (26) पिज्जा की दुकान लगाए था। वह रोज की तरह शनिवार रात अपनी दुकान में ही सो गया।
रविवार सुबह तीन बजे आंधी के साथ पानी आने पर वह उठा। पास में ही दूसरी दुकान लगाए बहनोई सलमान, चचेरे भाई जुल्फकार ने बारिश से बचने के लिए तिरपाल सही करवाई। इसके बाद फहीम फिर सो गया। 11 बजे तक जब वह नहीं जागा। तब बहनोई ने दुकान में आकर देखा तो वह अचेत पड़ा था। टेबल फैन उसके एक हाथ की उंगलियों पर रखा था। इससे उंगलियां बुरी तरह झुलस गई थीं।
दुकानदारों व पुलिस के सहयोग से बिजली आपूर्ति बंंद कराकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। भाई जुल्फकार ने बताया कि उसके एक बड़ा भाई वसीम, बहन जुवैदा, जाहिदा, गुड़िया और मां राजिया हैं। उसकी शादी नहीं हुई थी। परिजनों को सूचना दे दी है। नुमाइश के ठेकेदार मौके पर नहीं पहुंचे। प्रभारी थानाध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।