फर्रुखाबाद। विकलांग बच्चों की मदद के लिए मैजिक शो के माध्यम से धन एकत्र किया जाएगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने राजकीय, अशासकीय और वित्तविहीन स्कूलों के प्रधानाचार्यों को कक्षा 9 व 10 के छात्र-छात्राओं से दस-दस रुपये एकत्र करने का आदेश दिया है।
जिला रेडक्रास सोसाइटी की सहायतार्थ व विकलांग बच्चों की मदद को विद्यालयों में शिक्षाप्रद मैजिक शो दिखाए जाएंगे। सुशील सम्राट एंड पार्टी औरैया द्वारा प्रत्येक विद्यालय में मैजिक शो का कार्यक्रम किया जाएगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल ने राजकीय, अशासकीय एवं वित्तविहीन इंटर कालेजों के प्रधानाचार्यों को कक्षा 9 व 10 के छात्र छात्राओं से 10-10 रुपये एकत्र करने का आदेश दिया है। स्कूल में जमा होने वाली धनराशि विद्यालय खाते में जमा की जाएगी। विद्यालय में मैजिक शो होने के बाद जमा धन से 60 प्रतिशत का भुगतान शो के तुरंत बाद जादूगर को चेक या नगद से करने का आदेश दिया है। बकाया 40 प्रतिशत धनराशि नगद या चेक के माध्यम से जिला रेडक्रास सोसाइटी सचिव के नाम से कार्यालय में जमा करनी होगी।