फर्रुखाबाद। रविवार को आई जांच रिपोर्ट में 85 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसमें आठ न्यायालय कर्मी भी हैं। जिले में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 355 पहुंच गई है।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। सरकारी दफ्तरों से लेकर न्यायालय में भी कोरोना पहुंच गया है। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर लोग भीड़ से परहेज न कर बिना मास्क लगाए ही घूम रहे हैं।
रविवार को आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जज कालोनी निवासी महिला, आठ न्यायालय कर्मी व कमालगंज स्थित सहकारी बैंक के दो कर्मचारी कोरोना संक्रमित हुए हैं। सर्वाधिक 66 संक्रमित मरीज शहर, फतेहगढ़ व बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र के हैं।
इसके अलावा कमालगंज क्षेत्र आठ, कायमगंज को दो, राजेपुर के चार व शमसाबाद क्षेत्र के तीन लोग कोराना की चपेट में हैं। कुल 85 संक्रमित मरीजों में 66 की ट्रेसिंग कर दवाई दी गई, जबकि 19 की ट्रेसिंग अभी शेष है।
जिले में कुल 355 एक्टिव केस हो गए हैं। इनमें 275 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 18 कैदी सेंट्रल जेल अस्पताल में भर्ती हैं। 10 मरीजों का जनपद के बाहर एल-2 व एल-3 अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
रविवार को अस्पताल में टीकाकरण के साथ लोगों की कोरोना जांच की गई। एंटीजन किट से जांच के दौरान शहर के सिविल अस्पताल लिंजीगंज में 10 लोग पॉजिटिव मिले। इसके अलावा लोहिया अस्पताल में एक, पीएचसी रकाबगंज में एक, सीएचसी बरौन में व कमालगंज में तीन मरीज कोरोना की चपेट में पाए गए। एंटीजन जांच में कुल 16 लोग संक्रमित मिले।