फर्रुखाबाद। जनपद में 80 वर्ष से अधिक आयु के 586 बुजुर्ग व 217 दिव्यांग मतदाता विधानसभा चुनाव में घर बैठे मतदान करेंगे। इसके लिए उन्होंने बीएलओ को सहमति पत्र भरकर दिए हैं। बीएलओ उन्हें घर पर पोस्टल बैलेट उपलब्ध कराएंगे और वोट पड़ने के बाद बंद लिफाफा भी घर से एकत्र करेंगे।
निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव में इस बार 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को घर बैठे मतदान की सुविधा दी है। जिले में 80 वर्ष से अधिक आयु के 17,544 बुजुर्ग व 14,272 दिव्यांग मतदाता हैं। प्रशासन की ओर से इन मतदाताओं के घर पर बीएलओ के माध्यम से सहमति पत्र भरवाए गए। इसमें पूछा गया कि वह मतदान केंद्र पर जाकर वोट डालेंगे या घर बैठे मतदान करेंगे।
इसके बाद बीएलओ ने इन मतदाताओं के घर से सहमति पत्र एकत्र किए। इनमें 586 बुजुर्ग व 217 दिव्यांग मतदाताओं ने घर बैठे वोट डालने पर सहमति जताई है। अब बीएलओ घर पर ही पोस्टल बैलेट उपलब्ध कराएंगे। मतदाता पोस्टल बैलेट पर मुहर लगाकर उसे लिफाफे में रखकर बंद करेंगे और इसे रिटर्निंग आफीसर की टीम को घर पर ही सौंप देंगे।
जिन बुजुर्ग व दिव्यांगों ने सहमति नहीं दी, वह मतदान केंद्र पर जाकर वोट डालेंगे। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मतदान केंद्रों पर दिव्यांगों व अति बुजुर्गों के लिए व्हील चेयर की भी व्यवस्था की जाएगी।