ग्रामसभा नगला नरायन के मजरा नगला रामकिशुन में शुक्रवार को पुलिस के कड़े सुरक्षा पहरे में शांतिपूर्ण पुनर्मतदान हुआ। यहां 54 फीसदी मतदान हुआ। तहसीलदार और सीओ मोहम्मदाबाद मतदान पर नजर रखे रहे।
गुरुवार 29 अक्तूबर को प्राइमरी पाठशाला नगला रामकिशुन के बूथ संख्या 245 को दबंगों ने लूट लिया था। इस कारण बूथ पर शुक्रवार 30 अक्तूबर को पुनर्मतदान हुआ।
रिपोल होने के चलते तहसीलदार आरपी चौधरी, सीओ मोहम्मदाबाद लेखराज सिंह के अलावा एक बटालियन पीएसी, एसओ मोहम्मदाबाद भीम सिंह जावला, एसओ जहानगंज शैलेंद्र कुमार मिश्र, सेक्टर मजिस्ट्रेट रंजीत सिंह राणा और महिला पुलिस बल बूथ पर तैनात रहा। बूथ के पीछे भी पुलिस लगी थी।
सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। दोपहर 12.30 बजे तक मतदान की रफ्तार काफी धीमी थी। बूथ पर 727 वोट हैं। सायं पांच बजे तक 395 मतदाताओं ने वोट डाले । नन्हीं देवी (70) पत्नी पहुंचीलाल नाती अरविंद यादव के सहारे वोट डालने आईं। मतपेटियों को सील कर स्ट्रांग रूम में जमा करवा दिया गया।
ललुआ यादव को लिया हिरासत में- कप्तान दिनेश कुमार पी. के आदेश पर वार्ड संख्या चार की प्रत्याशी सुमनलता के देवर पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार यादव ललुआ को पुलिस ने गांव मदनपुर के पास से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने ललुआ यादव को थाने में बैठा लिया।
गौरतलब है कि गुरुवार को चुनाव के दौरान ललुआ यादव गांव में घूमते रहे थे। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने ललुआ यादव को पकड़वाने के तमाम प्रयास थे। पुलिस को सफलता नहीं मिली।
एसपी ने शुक्रवार को मातहतों को कड़े आदेश दिए थे कि हर हाल में ललुआ यादव को पकड़ा जाए। एसपी के आदेश पर पुलिस ने मदनपुर गांव के पास ललुआ यादव को हिरासत में ले लिया।
वोट डालने के लिए किया प्रेरित- रीपोल के दौरान भारी संख्या में बूथ और गांव के आसपास पुलिस बल को देख वोटर सहमे रहे। सिपाही शेर सिंह परिहार और बीपी सिंह चौहान ने घर-घर जाकर मतदाताओं को वोट डालने के लिए प्रेरित किया।