फर्रुखाबाद। सुहागिनें शुक्रवार को करवाचौथ का व्रत रखेंगी। पूर्व संध्या पर इमरती की दुकानों पर भीड़ उमड़ी। करवा पूजन का शुभ मुहूर्त शाम पांच से सात बजे का है। वहीं चंद्रोदय 8 बजकर 16 मिनट से होगा। सोने-चांदी की बिक्री में 40 से 50 प्रतिशत बिक्री बढ़ी है।
करवाचौथ को लेकर गुरुवार को बाजार में रौनक रही। ब्यूटी पार्लर से लेकर साड़ियों और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों में महिलाएं खरीददारी करती नजर आईं। किसी ने ब्यूटी पार्लर की दुकान पर पहुंचकर हेयर कटिंग और आई ब्रो सेट करवाई तो किसी ने हाथों में मेहंदी लगवाई। महिलाओं ने साड़ी की दुकानों पर पहुंचकर डिजाइनदार साड़ियां भी खरीदीं। सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भी महिलाओं ने जमकर खरीददारी की।
करवाचौथ की पूर्व संध्या पर सेठ गली, नेहरू रोड, रेलवे रोड, यादव मार्केट, घुमना बाजार, कोतवाली रोड फतेहगढ़, चूड़ी वाली गली फतेहगढ़, भोलेपुर और पक्कापुल आदि बाजारों में खासी भीड़ रही। करवाचौथ को लेकर सराफा दुकानों पर भी भीड़ रही। महिलाओं ने करवाचौथ की तैयारियों को लेकर करवा, सींक, करवाचौथ व्रत कैलेंडर और चिउड़ा आदि खरीदा। बाजार में चिउड़ा 50 से 55 और पीतल के करवा 250 से 600 रुपये तक में बिके। मिट्टी का करवा 15 से 25 रुपये में बिका।
अनुपम ज्वैलर्स के दुकानदार शिवांग रस्तोगी ने बताया कि करवाचौथ पर जेवर की भी खरीद होती है। इससे करवाचौथ पर दुकानदारी बढ़ जाती है। रोजाना की अपेक्षा करवाचौथ पर करीब 40 से 50 प्रतिशत बिक्री बढ़ती है।