फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र में सीएनजी प्लांट के लिए 48 किलोवाट का बिजली कनेक्शन नियमों को ताक पर रखकर दे दिया गया। एचटी लाइन पर दिए जाने वाला कनेक्शन एलटी लाइन से दे दिया गया। यह मामला चेकिंग के दौरान सामने आया। अब इसकी जांच कराई जाएगी।
कायमगंज में एक पेट्रोल पंप मालिक के यहां छह किलोवाट का कनेक्शन था। उन्होंने सीएनजी प्लांट भी लगवाया है। इसके लिए 48 किलोवाट का कनेक्शन कराने के लिए करीब आठ माह पूर्व आवेदन एसडीओ को दिया था। एसडीओ और जेई की साठगांठ से 48 किलोवाट का कनेक्शन करने के लिए करीब 250 मीटर की विद्युत लाइन नहीं बनाई गई।
सीधे एलटी लाइन पर कनेक्शन दे दिया गया। चेकिंग के दौरान गलत तरीके कनेक्शन देने का मामला पकड़ में आया है। इसको लेकर विभागीय कर्मचारियों में हलचल मची हुई है। एक्सईएन राहुल बाबू कटियार ने बताया कि इसकी जानकारी मिली है। हमारी तैनाती से पूर्व कनेक्शन दिया गया है। पूरा मामला क्या है, इसकी जांच कराई जाएगी। इसमें जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।