313 अभ्यर्थियों ने छोड़ दी परीक्षा
फर्रुखाबाद। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक लिखित परीक्षा तीन केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षकों की निगरानी में कराई गई। दोनों पाली में 313 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। 2011 ने परीक्षा दी।
प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा शनिवार को जिले में तीन केंद्रों पर हुई। सुबह पाली की परीक्षा राजकीय इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद और क्रिश्चियन इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद में कराई गई। केंद्र पर प्रवेश के दौरान सभी परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई। मोबाइल व अन्य सामग्री जमा करा दी गई।
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मास्क लगाए परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। प्रथम पाली में पंजीकृत 942 परीक्षार्थियों में से 824 उपस्थित हुए। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा ने दोनों केंद्रों का निरीक्षण किया। शाम पाली की परीक्षा राजकीय इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज और केआर रस्तोगी इंटर कॉलेज में कराई गई।
इन केंद्रों पर 1372 में से 1187 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने बताया कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराई गई। टीजीटी रविवार को भी दो पालियों में होगी।