फर्रुखाबाद। आवास योजना की लाभार्थी सूची से नाम काटने की चेतावनी देकर एक महिला से 29 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित महिला अब रुपये वापस दिलाने के लिए थाने व एसपी कार्यालय के चक्कर काट रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के नेकपुर कलां निवासी सोमवती ने सरकारी योजना के तहत आवास लेने के लिए आवेदन किया था। चार दिसंबर को सोमवती के मोबाइल फोन पर दो नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने सोमवती से कहा कि उसने आवास के लिए आवेदन किया है, लेकिन रुपये नहीं भेजे हैं। अगर रुपये नहीं भेजोगी, तो सूची से नाम काट दिया जाएगा।
इस पर सोमवाती ने रुपये उधार लेकर बताए गए बैंक खातों में 29 हजार सात सौ रुपये ट्रांसफर करा दिए। उसके बाद जिस नंबर से फोन आया था, सोमवती ने उस पर कॉल की, लेकिन फोन नहीं हुआ। ठगी का एहसास होने पर सोमवती दो दिन से फतेहगढ़ कोतवाली व एसपी कार्यालय के चक्कर काट रहीं हैं।
कोतवाली पुलिस ने सोमवती को एसपी कार्यालय जाकर शिकायत करने सलाह दी और कहा कि पुलिस इस मामले में कुछ नहीं कर सकती है। एसपी के आदेश पर ही सर्विलांस टीम इस मामले में काम करेगी। सोमवती ने बताया कि वह एसपी कार्यालय सोमवार को गई थी, लेकिन एसपी से मुलाकात नहीं हो सकी।