नवाबगंज। थाना क्षेत्र के गांव बारग में मिट्टी खोदते समय टीला धंसने से उसके मलवे के नीचे मां-बेटी दब गई। इस हादसे में बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल मां को लोगों ने बाहर निकाल कर नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। घटना की सूचना थाना पुलिस को नहीं दी गई है।
बारग निवासी राजवीर दिल्ली में नौकरी करता है और वह शनिवार को ही घर लौटा था। रविवार सुबह करीब 8 बजे राजवीर की पत्नी शिवकांती (30) अपनी पुत्री प्रवीना (4) के साथ घर के पास बने टीले पर मिट्टी खोदने गई थी। मिट्टी खोदने समय अचानक टीला धंस गया, जिसके मलवे के नीचे मां-बेटी दब गई।
जानकारी होने पर पहुंचे ग्रामीणों ने आननफानन में मिट्टी में दबी मां-बेटी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक प्रवीना की मौत हो चुकी थी। घायल शिवकांती को कस्बा स्थित नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। लेखपाल ने बताया कि परिजनों को आर्थिक मदद दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। बालिका का शव घर पर ही था।
-सूचना पाकर लेखपाल मौके पर पहुंचे, पुलिस को नहीं दी गई खबर
अमर उजाला ब्यूरो