अयोध्या। अगर आज आप हरकत नहीं करोगे तो आने वाली नस्लें कभी माफ़ नहीं करेंगी। हमें खामोशी को तोड़ना होगा और जिंदा होने का सुबूत देना होगा। यह बात मंगलवार को रुदौली नगर के रसूलाबाद चौराहा पर कार्यकर्ता सम्मेलन में चुनावी अभियान का आगाज करते हुए आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कही। इसी के साथ मंच से शेख अफगान को रुदौली से प्रत्याशी घोषित किया।
ओवैसी ने कहा कि हम यूपी में चुनाव लड़ने जा रहे हैं, लेकिन ये 2017 वाली मजलिस नहीं है। अब हमारा संगठन मजबूत है। हमारी पहली कोशिश है कि यूपी जो बड़ा प्रदेश है, यहां से हमारी मुस्लिम लीडरशिप की शुरुआत हो। कहा कि आज यूपी में मुसलमान लाचार है। यूपी में सबको हिस्सा मिला लेकिन मुसलमानों को उनका हिस्सा नहीं मिला।
सेक्युलरिज्म के नाम पर मुसलमान ठगे गए हैं हमें फिरकापरस्ती को हराना होगा, रुदौली में हमें मजलिस का विधायक बनाना होगा। राजनीति में बीजेपी की बी टीम कहे जाने पर ओवैसी ने कहा कि बीजेपी शायद यह भूल रही है कि कोरोना से लोगों की मौत को जनता भूलेगी नहीं। सब जानते हैं कि किसकी वजह से गंगा में लाशें बह रही थीं, किसकी वजह से बच्चे यतीम हुए हैं।
कहा कि मुसलमानों को डरने की जरूरत नहीं है, हमें किसी से डर नहीं लगता। हम सभी संविधान और मुल्क को बचाने के लिए जुटे हैं। कहा कि प्रदेश की सियासत सिर्फ मुस्लिम-यादव फैक्टर के इर्द गिर्द नहीं घूमेगी, यूपी में मुस्लिम 21 प्रतिशत, यादव 9 प्रतिशत, फिर भी सीएम उनका बनता है, हमें चपरासी की भी नौकरी नहीं मिलती।
कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस व भाजपा के लोग समझ रहे हैं कि मैं दोबारा रुदौली नहीं आऊंगा तो मै बार बार आऊंगा, हर बार आऊंगा और आपके दिलों में जगह बनाकर जाऊंगा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, प्रदेश महासचिव गुलाम साबिर, प्रदेश सचिव इरफ़ान इंजीनियर, जिला अध्यक्ष शाहनवाज समीम सिद्दीकी, रुदौली विधानसभा प्रभारी प्रत्याशी शेर अफगन, फैज आलम फैजी, महताब आलम, अरबाज अंसारी, जमसीर आलम, फुरकान शेख, मौलाना मुजाहिद इस्लाम, शकील अहमद, शाद अख्तर सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने सज्जादा नशीन शाह मोहम्मद अली आरिफ उर्फ सुब्बू मियां, शाह फ़ारूक़ अहमद, शाह आमिर तबरेज व शाह यकीन अहमद से क़दीम ख़ानक़ाह हजरत शैखुल पर मुलाकात की। हजरत शेख मखदूम अहमद अब्दुल हक अलैहिर्रमा के आस्ताने की जियारत व चादर पेश की व मुल्क के अमन और चैन की दुआ की।
जियारत के बाद ओवैसी को भेलसर में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करना था, लेकिन कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की में शरीर पर खरोंच लग गई। जिसके बाद वे सीधे गाड़ी में बैठकर लखनऊ रवाना हो गए। रुदौली विधानसभा क्षेत्र प्रभारी शेख अफगन ने बताया कि जाते समय भी आगे बढ़ने की होड़ में चार वाहन आपस में टकरा गए, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।
ओवैसी ने कहा कि जरूरत पड़ी तो अखिलेश और मायावती से बात होगी लेकिन बात बराबरी पर होगी। अपना जमीर नहीं बेचूंगा, बराबरी चाहिए कोई खैरात नहीं चाहिए। कहा कि 70 वर्षों से मुस्लिमों को डरा धमका कर सिर्फ वोट हासिल किया जाता रहा हैं, बदले में उन्हें कुुछ नहीं मिला।
ओवैसी ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार में अल्पसंख्यकों के विकास के लिए 116 करोड़ पीएम मोदी ने दिए, लेकिन योगी ने केवल 16 करोड़ ही खर्च किए। कहा कि फिरोजाबाद में 50 बच्चे इलाज के अभाव में मर गए। क्या नाम बदलने से बच्चे मरना बंद हो जाएंगे। ये न अखिलेश बोल सकते हैं न बसपा के लोग।
कहते हैं कि ओवैसी अयोध्या नहीं जाएंगे, जब हम कश्मीर गए थे तो अयोध्या क्यों नहीं जाएंगे। कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव आ रहा है, अब शुरू होगा तालिबानी, तालिबानी, तालिबानी। हम तो बोल रहे हैं कि तुम तालिबान को बैन क्यों नहीं करते। अयोध्या जिले में 5 वर्ष की कम उम्र के 50 प्रतिशत बच्चे कमजोर होते हैं। फिर भी यहां भाजपा सरकार में कोई भी नया अस्पताल नहीं बनवाया गया।
रुदौली रेलवे क्रॉसिंग का ओवर ब्रिज 5 वर्षों से बन रहा है। इसका समाजवादियों ने आज तक कोई विरोध नहीं किया। यही नहीं नगर में पाइप लाइन बिछाने के लिए मुख्य मार्गों से लेकर गलियों तक की सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया जो लोगों के लिए नासूर बन गया है। एआईएमआईएम की इस सभा के लिए प्रशासन ने महज 50 लोगों की अनुमति दी थी। इसके बावजूद सभा में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। वहीं, प्रशासन व पुलिस ने सभा पर निगाह रखने के लिए पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराई है। एसडीएम विपिन सिंह ने कहा कि वीडियो फुटेज देखने के बाद निर्णय किया जाएगा।