अयोध्या। रामनगरी में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में दो लोग डूब गए। इसमें एक की मौत हो गई, दूसरे की तलाश जारी है। गोंडा से चार दोस्त अयोध्या घूमने आए थे। चारों मंगलवार सुबह सात बजे के करीब राम की पैड़ी में स्नान करने लगे।
स्नान के दौरान पंप हाउस के समीप गहरे पानी में चले जाने से प्रखर सिंह (17) निवासी गायत्रीपुरम कॉलोनी गोंडा डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अमन मिश्रा भी डूबने लगा।
इस बीच स्थानीय लोगों ने बांस के सहारे अमन व प्रखर को बाहर निकाला और श्रीराम अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने प्रखर को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
वहीं जिले के बारून बाजार निवासी दीपक मौर्य पुत्र रामचंद्र मौर्य परिवार के साथ अयोध्या आए थे। सरयू नदी में स्नान के दौरान आरती घाट के समीप गहरे पानी में चले गए। पुलिस ने तत्काल गोताखारों व जाल की सहायता से तलाश शुरू की। समाचार लिखे जाने तक तलाश जारी थी।