अयोध्या। लॉकडाउन में भी राम मंदिर निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। राम मंदिर के नींव की तीसरी परत बिछाने का काम भी शुरू हो गया है। दूसरी परत की शुरुआत 27 अप्रैल को की गयी। यह काम 08 मई तक पूरा हुआ। बीती रात हुई बारिश ने राम मंदिर निर्माण के कार्य में लगे इंजीनियरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
रामजन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय अपने सहयोगी न्यासी डॉ. अनिल मिश्र के साथ रामलला के मंदिर निर्माण स्थल पर सोमवार को अचानक पहुंच गये। उन्होंने एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर व अधिकारियों के साथ साइट का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी ली। डॉ. मिश्र ने बताया कि बारिश से नींव बेअसर है। उन्होंने बताया कि बलुई मिट्टी के कारण अधिकांश पानी सूख गया और काम में किसी प्रकार की रुकावट नहीं है। नींव की तीसरी परत बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है।