अयोध्या। भारतीय रेल खानपान व पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की ओर से शुरू की गई श्रीरामायण यात्रा पहली पर्यटक ट्रेन सोमवार सुबह 8 बजे अयोध्या कैंट स्टेशन पर पहुंचेगी।
अत्याधुनिक सुविधाओं प्रथम व द्वितीय श्रेणी वाली इस ट्रेन से 132 श्रद्धालु अयोध्या में रामलला, हनुमानगढ़ी व सरयू तट पर दर्शन-पूजन करेंगे। दिल्ली से चलने वाली इस ट्रेन का पहला पड़ाव अयोध्या कैंट होगा।
यहां यात्रियों का स्वागत सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त समेत रेलवे के अधिकारी करेंगे। आईआरसीटीसी की श्री रामायण यात्रा ट्रेन रविवार को सफदरगंज दिल्ली से चलकर सोमवार सुबह आठ बजे अयोध्या कैंट स्टेशन पर पहुंचेगी।
‘आओ देखो अपना देश’ अभियान के तहत 132 यात्री साढ़े सात हजार किमी. का सफर इस ट्रेन से करेंगे। इसमें सवार यात्री अयोध्या में रामलला, हनुमान गढ़ी, सरयू तट और नंदीग्राम समेत कई मंदिरों के दर्शन करेंगे।
अयोध्या से यह ट्रेन मंगलवार शाम 4:30 बजे वाराणसी के लिए रवाना होगी। इस अत्याधुनिक ट्रेन में रेस्त्रा, मसाज पार्लर, पैंट्री कार जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यात्रा का अंतिम पड़ाव रामेश्वरम होगा। 17वें दिन यह ट्रेन वापस दिल्ली पहुंचेगी।
अयोध्या कैंट के स्टेशन अधीक्षक आरके उपाध्याय ने बताया कि स्पेशल रामायण यात्रा ट्रेन सोमवार सुबह 8 बजे अयोध्या कैंट स्टेशन पर पहुंचेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रेलवे के अधिकारी यात्रियों का स्वागत करेंगे।