अयोध्या। जिले के 50 केंद्रों पर रविवार को 46 हजार 646 अभ्यर्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) देंगे। पहली पाली में सुबह दस से दोपहर 12.30 बजे तक चलने वाली परीक्षा में 27 हजार 205 अभ्यार्थी बैठेंगे जबकि द्वितीय पाली में दोपहर 2.30 से शाम पांच बजे तक चलने वाली परीक्षा में 19 हजार 441 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केंद्र पर कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले से प्रवेश दिया जाएगा जबकि परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी। अभ्यर्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए तय दूरी पर बैठाया जाएगा। बिना मास्क लगाए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश नहीं मिलेगा।
कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराते हुए टीईटी संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले से ही परीक्षा केंद्रों के गेटों को खोल दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले गेट बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य होगा, वे स्वेच्छानुसार सर्जिकल ग्लब्स का भी प्रयोग कर सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक व परीक्षा के सहायक नोडल अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में अंकित फोटो का पहचान पत्र के साथ प्रशिक्षण योग्यता मूल प्रमाण पत्र या किसी सेमेस्टर की निर्गत अंकपत्र की मूल प्रति लेकर आना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षकों की तैनाती कर दी गई है, वे परीक्षा से दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचेंगे और अपनी निगरानी में परीक्षा से संबंधित गोपनीय पैकेट को खुलवाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा। परीक्षा केंद्र के आसपास भी किसी को फटकने नहीं दिया जाएगा। परीक्षा में गड़बड़ी मचाने वाले लोगों पर एसटीएफ व खुफिया विभाग की टीम नजर रख रही है।