अयोध्या। जनपद के राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने सर्किल, थाना पर थाना समाधान दिवस आयोजित कर जनता की समस्याओं को सुना गया। प्रार्थना पत्रों की जांच करते हुए उनका त्वरित व विधिक निस्तारण कराया गया।
जनपद में थाना समाधान दिवस पर कुल 103 शिकायतें आईं जिनमें से 24 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, शेष 79 मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। डीएम व एसएसपी ने कोतवाली बीकापुर में जन समस्याएं सुनीं।
जिलाधिकारी अनुज कुमार झा एवं एसएसपी शैलेंद्र कुमार पांडेय ने शनिवार को बीकापुर कोतवाली में समाधान दिवस की हकीकत परखी। दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में कुल 32 शिकायतें आई जिनमें से पांच शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित आई।
जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर समस्या का निस्तारण करने के लिए कहा। कोतवाली अयोध्या में पांच, थाना रामजन्मभूमि में दो, कोतवाली नगर में छह व थाना कैंट में चार शिकायतें आईं। इनमें से दो शिकायतों का निस्तारण हुआ। हैदरगंज थाने में क्षेत्राधिकारी बीकापुर सत्येंद्र भूषण तिवारी की मौजूदगी में कुल छह शिकायतें आईं जिनमें से एक का निस्तारण तत्काल किया गया।
महराजगंज थाने में दो शिकायतें आई, निस्तारण किसी का नहीं हुआ। थाना खंडासा में एक भी शिकायत नहीं आई। तारुन थाने पर 10 शिकायतें आई, इनमें से चार का मौके पर निस्तारण हुआ। थाना मवई में कुल सात शिकायतें आई, सभी के निस्तारण के लिए मौके पर टीम को रवाना किया गया।
पटरंगा थाना में मात्र एक शिकायत आई, निस्तारण के लिए टीम भेजी गई। गोसाईगंज थाने पर चार प्रार्थना पत्र आए जो राजस्व से संबंधित थे, चारों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। पूरा कलंदर थाने में 10 शिकायतें आई, किसी का भी निस्तारण नहीं हो सका। थाना कुमारगंज में आईं छह शिकायतों में से एक का निस्तारण हुआ। रौनाही थाने पर आईं सात शिकायतों में से तीन का निस्तारण किया गया।