तहसील सोहावल में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम व एसएसपी शैलेष कुमार पांडेय ने समस्याओं को सुनकर उनके समयबद्व एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।
यहां मो. सिराज व मो. मुश्ताक निवासी थाना पूराकलंदर की पूर्व में अवैध निर्माण की शिकायत हुई थी। जिसे तत्कालीन लेखपाल ने रुकवाकर विपक्षी के विरूद्व राजस्व संहिता 2006 की धारा 67 के तहत कार्यवाही की। जिस पर तहसीलदार ने 28 नवंबर 2020 को बेदखली का आदेश पारित किया था लेकिन बताया गया कि अनुपालन अभी तक नहीं हो पाया है। इस पर डीएम ने तहसीलदार सोहावल को बेेदखली के आदेश का अनुपालन शीघ्र अतिशीघ्र कराते हुए सात दिवस में आख्या देने के निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तहसीलदार न्यायालय के आदेशों के अनुपालन की स्थिति को चेक करने तथा सभी आदेशों का समय से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय राजा, पीडी डीआरडीए, उपजिलाधिकारी सोहावल, तहसीलदार सोहावल सहित अन्य संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 55 शिकायतें आई। जिसमें सात शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। एसडीएम अनुराग प्रसाद, तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी रागिनी वर्मा व अन्य विभागों के अधिकारी एवं राजस्व कर्मी मौजूद रहे।
सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्त, एसडीएम बृजेश सिंह ने समस्याएं सुनी। यहां कुल 53 मामले आए, तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। रूदौली प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील समाधान दिवस में 53 शिकायतें आई, जिनमें से तीन का मौके पर समाधान किया गया।
समाधान दिवस में तहसीलदार प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह, राजस्व निरीक्षक रामकेवल यादव, राम दुलारे तिवारी विश्वनाथ, सीडीपीओ सिद्धिदात्री पांडे, उपनिरीक्षक संजय यादव सहित तहसील स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील मुख्यालय पर सीडीओ अनीता यादव की अध्यक्षता में 93 शिकायतें आई, दो मामलों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। मौके पर एसडीएम मिल्कीपुर दिग्विजय प्रताप सिंह, तहसीलदार मिल्कीपुर हेमंत गुप्ता, खंड विकास अधिकारी मिल्कीपुर मनीष मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सोहावल तहसील में संजीत कुमार मिश्र निवासी पूरे जिगना मिश्र मजरे तहसीनपुर ने शिकायत की थी कि विपक्षी राजकरन मिश्र घूर की जमीन पर अतिक्रमण कर रास्ता बाधित कर रहे हैं। डीएम ने तहसीलदार सोहावल व थानाध्यक्ष रौनाही को संयुक्त टीम भेजकर रास्ता खुलवाकर सात दिवस में आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
हैदरगंज थाना क्षेत्र के उमापुर की नसीब निशा ने शिकायत की थी कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास एवं आपूर्ति विभाग से राशन कार्ड बनवाने के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिया लेकिन आज तक कोई पहल नहीं हुई। मुख्य राजस्व अधिकारी ने बीडीओ को जांच करके आख्या देने और कार्रवाई करने के लिए कहा।
बीकापुर ब्लाक क्षेत्र के मलिकपुर निवासी कालीदीन की शिकायत थी उनकी जमीन से सटे तोरोमाफी सीमा पर स्थित चकमार्ग को कुछ अन्य ने जोत कर अपने चक में मिला लिया है। इसकी वजह से उनको अपने खेत तक ट्रैक्टर ट्राली ले जाने में समस्या हो रही है। जुताई भी नहीं हो पा रही है। मुख्य राजस्व अधिकारी ने जांच करके आख्या देने के लिए कहा।