इस अभियान के तहत देश के 11 करोड़ हिंदू परिवारों से राममंदिर निर्माण के लिए सहयोग लिया जाएगा। शिलापूजन अभियान के तर्ज पर चार लाख गांवों में जनसंपर्क अभियान के जरिए हर परिवार से चंदा भी लिया जाएगा। ऐसे में देश के किसी भी कोने से भक्त राममंदिर निर्माण के लिए इन बैंकों में अपना आर्थिक सहयोग जमा कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि धनसंग्रह अभियान से जो चंदा मिलेगा उसे इन्हीं दोनों बैंकों में जमा कराने की तैयारी है। उधर, ट्रस्ट ने विदेशी चंदा लेने की भी तैयारी तेज कर दी है। बड़ी संख्या में विदेशी रामभक्त राममंदिर निर्माण में सहयोग देना चाहते हैं कि लेकिन विदेशी चंदे के लिए आवश्यक सुविधाएं न होने के कारण वे दान नहीं दे पा रहे हैं।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट धन संग्रह अभियान के माध्यम से 11 करोड़ हिंदू परिवारों के 46 करोड़ से अधिक सदस्यों को श्रीराम मंदिर निर्माण से जोड़ेगा। इनमें 10 रुपये के 2,49,25,000 और 100 रुपये के 6,88,25,000 कूपन भेजे जाएंगे।
अभियान से जुड़े लोगों ने एक परिवार में पांच सदस्यों का अनुमान लगाया है। चूंकि धन संग्रह अभियान बड़े पैमाने पर पूरे देश में चलाया जाना है इसलिए इसमें संघ और उसके अनुषांगिक संगठनों के सहयोग की भी अपेक्षा की गई है। आरएसएस ने पूरे देश को 44 प्रांतों में बांट कर अभियान चलाने की रणनीति बनाई है।
मंदिर निर्माण के लिए श्रमदानियों का होगा पंजीकरण
राममंदिर निर्माण में धन और श्रम बल के लिए संघ और विश्व हिंदू परिषद ने ईंट और नोट अभियान शुरू करने की योजना बनाई है। दिसंबर में इस कार्ययोजना पर काम शुरू हो जाएगा। विहिप के कार्यकर्ता देशभर के दस करोड़ परिवारों से संपर्क साधेंगे और मंदिर निर्माण में सहयोग लेंगे।
करोड़ों रामभक्तों की इच्छाओं का सम्मान करते हुए उन्हें मंदिर निर्माण में अपने हाथ से एक ईंट रखने का मौका भी दिया जाएगा। इस अभियान के जरिए 11 करोड़ श्रमदानियों को जोड़ने की योजना है। मंदिर निर्माण के श्रमदानियों का 15 जनवरी से पंजीकरण भी शुरू हो जाएगा।