प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रीराम जन्मभूमि न्यास के कार्याध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के 78वें जन्मोत्सव समारोह में शामिल होने के लिए न्योता भेजा गया है। भव्य समारोह में शिरकत करने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत देश के 21 अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।
श्रीमणिराम दास जी छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास ने बताया कि महंत नृत्यगोपाल दास का 78वां जन्मोत्सव 10 से 19 जून तक आयोजित होगा। महोत्सव में केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री व राज्यपाल के साथ प्रमुख धर्माचार्य व संत-महंत आमंत्रित किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निमंत्रण भेजा गया है ले किन अभी तक पीएमओ से स्वीकृति नहीं आई है।
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी, राज्यपाल राम नाइक, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, केंद्रीय मंत्री उमा भारती को भी निमंत्रण दिया गया है। इनमें से कई के महोत्सव में शामिल होने की स्वीकृति मिल चुकी है।
इनके साथ ही कार्यक्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य, जगद्गुरु श्रीरामाचार्य, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी दिव्यानंद, जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्रीकृष्णाचार्य, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गिरि, स्वामी अखिलेश्वरानंद सहित देश भर के संत-धर्माचार्य शामिल होंगे।