अयोध्या। जिले के सभी थानों पर शनिवार को आयोजित थाना दिवस पर बारिश के चलते कम फरियादी आए। इस दौरान कुल 53 शिकायतें आईं जिनमें से नौ का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कोतवाली नगर में तीन, थाना कैंट में चार, कोतवाली अयोध्या में दो व कोतवाली बीकापुर में दो फरियादियों ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों के निस्तारण के लिए टीमें बनाई गईं।
वहीं, तारुन थाने पर उपजिलाधिकारी अनुराग प्रसाद की मौजूदगी में तीन प्रार्थना पत्र आए, सभी राजस्व से संबंधित थे। एक का मौके पर निस्तारण कर दिया गया जबकि दो के लिए टीम का गठन किया गया है। महराजगंज थाने में सात शिकायतें दर्ज हुईं, किसी का निस्तारण नहीं हो सका। थाना पटरंगा व रामजन्मभूमि में कोई शिकायत नहीं आई।
मवई थाने में एक शिकायत आई जिसका निस्तारण नहीं हो पाया। हैदरगंज थाना पर गरौली गांव और बैंतीकला में जमीनी विवाद का मामला आया, मौके पर पुलिस ने जाकर मामले का निस्तारण कराया। कोतवाली रुदौली में दो शिकायतें आईं। शिकायतों का समाधान करने के लिए पुलिस और राजस्व टीम का गठन किया गया। पूराकलंदर थाने में 10 शिकायतें आईं जिनमें से दो का निस्तारण किया गया।
मिल्कीपुर सर्किल के तीनों थानों कुमारगंज, इनायतनगर और खंडासा पर खराब मौसम एवं भीषण ठंड के बीच सिर्फ आठ शिकायतें आईं, एक मामले का निस्तारण तत्काल मौके पर हो सका। थाना कुमारगंज पर तीन, इनायतनगर थाने पर तीन व खंडासा थाने पर दो शिकायतें आईं। रौनाही थाना पर सीओ सदर शैलेंद्र गौतम की मौजूदगी में नौ शिकायतें आईं। इसमें से तीन शिकायतों का त्वरित निस्तारण करा दिया गया।