अयोध्या। संतोष कुमार देव पांडेय अब अयोध्या के नए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी होंगे। अब तक यहां तैनात रहीं बीएसए अमिता सिंह को रायबरेली जिले के प्रवक्ता पद स्थानांतरित किया गया है। शासन की ओर से जारी 15 अधिकारियों के तबादला सूची में एसके देव पांडेय को अयोध्या जिले की कमान सौंपी गई है।
2017 में स्थानांतरित होकर जिले में आईं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ अमिता सिंह का तबादला हो गया। इतने लंबे अवधि के कार्यकाल में जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर कई बार उन्हें जांच का सामना भी करना पड़ा।
परियोजना निदेशक विजय किरण आनंद के निरीक्षण के बाद बीएसए सहित सभी जिला समन्वयकों से स्पष्टीकरण तलब किया गया था। इसी तरह शिक्षकों के समायोजन, अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का चयन, इन स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती, फर्नीचर खरीद आदि मुद्दे पर प्रमुखता से छाए रहे।
वर्तमान समय में भी बीएसए के खिलाफ हाई पावर कमेटी की जांच चल रही है। फिलहाल अब उनका स्थानांतरण रायबरेली जनपद में डायट प्रवक्ता के पद पर हुआ है। उनके स्थान पर संत कबीरनगर जिले में डायट प्रवक्ता संतोष कुमार देव पांडेय को बीएसए बनाया गया है। एसके देव पांडेय इसके पूर्व गोंडा एवं देवरिया जनपद में बीएसए रह चुके हैं।