भेलसर। कोतवाली क्षेत्र रुदौली की भेलसर पुलिस चौकी में दीपावली की शाम साढ़े सात बजे शार्ट-सर्किट से लगी भीषण आग में सिपाहियों की वर्दी, कपड़े सहित आवश्यक दस्तावेज राख हो गए। उस समय सभी पुलिसकर्मी दुर्घटना की सूचना पर लोहियापुल के निकट गए थे।
गुरुवार शाम भेलसर पुलिस चौकी के कमरे से लपटें व धुआं उठता देख वहां तैनात अन्य पुलिसकर्मी व फायर दस्ता कमरे की ओर दौड़े। पुलिसकर्मी बिजली विभाग को फोन करते रहे लेकिन फोन उठा ही नहीं। तब सीओ आफिस पहुंचकर मेन लाइन काटी गई।
मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया। तब तक कमरे में मौजूद आधा दर्जन से अधिक पुलिस कर्मियों के बिस्तर, कपड़े व वर्दी सहित सभी पुलिस कर्मियों के लगभग 10 हजार रुपये राख हो चुके थे। इसके साथ ही अलमारी में रखे कुछ असलहों को भी नुकसान पहुंचा। कुछ दस्तावेज भी जल गए।
घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। चौकी प्रभारी संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि कमरे में रहने वाले सभी पुलिस कर्मियों के तन पर जो कपड़े थे, सिर्फ वही बचे हैं। आग में सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। बताया शार्ट-सर्किट के चलते आग लगने की संभावना जताई जा रही है।