अयोध्या। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर 12 नवंबर की सुबह से शुरू हो रही 14 कोसी परिक्रमा मेले के मद्देनजर अयोध्या-फैजाबाद में वाहनों का प्रवेश पर 11 नवंबर की रात से प्रतिबंधित हो जाएगा।
हाईवे से शहर में कोई भी वाहन घुसने की इजाजत नहीं होगी। यही नहीं हाईवे पर भीड़ व जाम बढ़ा तो गोरखपुर, लखनऊ, आजमगढ़, रायबरेली, सुल्तानपुर व गोंडा से आने-जाने वाले वाहनों के डायवर्जन की पूरी तैयारी की गई है।
इन मार्गों से अयोध्या के नगरीय इलाके में आने वालों को या तो यात्रा रद्द करनी पड़ेगी या एक दिन पहले ही बृहस्पतिवार को घर लौटना होगा। ताकि परेशानी से बज जाएं।
प्रशासन ने मंगलवार से ही परिक्रमा पथ पर वाहनों की आवाजाही रोकने को सभी कटों, तिराहों व चौराहों पर बैरिकेडिंग की तैयारी शुरू कर दी। परिक्रमार्थियों के वाहनों के लिए अलग-अलग जगह पार्किंग बनाई जा रही है।
अयोध्या का ऐतिहासिक कार्तिक मेला 12 नवंबर से शुरू होगा। इस दौरान चौदहकोसी परिक्रमा 12 व 13 नवंबर को और पंचकोसी परिक्रमा 14 व 15 नवंबर को होगी।
इन दोनों परिक्रमा में तकरीबन 25 से 30 लाख श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस बार तेजी से चल रहे भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के चलते संख्या बढ़ सकती है।
मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा यातायात नियंत्रण को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। सीओ ट्रैफिक राजेश राय व टीएसआई प्रमोद कुमार लहरी ने बताया कि करीब 45 किलोमीटर के चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग पर पड़ने वाले करीब 27 तिराहों व चौराहों पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग की जा रही है।
सहादतगंज हनुमानगढ़ी पर, अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोका जाएगा। इसी तरह पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर नयाघाट बंधा तिराहा, वासुदेवघाट तिराहे, रामघाट चौराहा, हलकारकपुर तिराहा, आसिफबाग चौराहा, मोहबरा चौराहा, जालपा देवी चौराहा, गैस एजेंसी के पास, राजघाट आदि जगहों पर बैरिकेडिंग की जा रही है।
जालपा देवी चौराहे पर स्थानीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते बेनीगंज तिराहे से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जबकि चौराहे तक दो स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई जा रही है।
नयाघाट बंधा तिराहे पर भीड़ के दबाव को देखते हुए पुराने पुल पर व बाईपास की ओर तीन जगह बैरिकेडिंग लगाकर यातायात रोका जाएगा। सीओ ट्रैफिक राजेश राय व टीएसआई प्रमोद कुमार लहरी के मुताबिक सभी बैरिकेडिंगों पर यातायात पुलिस के साथ सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।
इसके लिए गैर जनपदों से तीन टीआई, छह टीएसआई, 30 मुख्य आरक्षी व आरक्षी को बुलाया गया है। इसके अलावा जनपद के यातायात कर्मियों के साथ करीब 100 होमगार्ड व पीआरडी के जवान भी यातायात नियंत्रण में सहयोग करेंगे।
चौदहकोसी परिक्रमा 12 नवंबर को सुबह 10:22 बजे शुरू होगी। यह 13 नवंबर को सुबह 9:36 बजे समाप्त होगी। वहीं पंचकोसीय परिक्रमा 14 नवंबर की सुबह 9 बजे आरंभ होगी। जो 15 नवंबर की सुबह 8:52 पर समाप्त होगी।
चौदहकोसी परिक्रमा मेले के दौरान गोरखपुर-अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग पर पहले की तरह वाहन आ जा सकेंगे, लेकिन जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन भी किया जा सकता है। इस दौरान किसी भी वाहन को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। यह प्रतिबंध 11 नवंबर की मध्य रात्रि से भीड़ रहने तक लागू होगा।
-गोरखपुर से अयोध्या होकर बाराबंकी व लखनऊ जाने वाहन हाईवे से होकर गुजरेंगे। जरूरत पड़ने पर उन्हें बस्ती बाईपास से उतरौला रोड पर डायवर्ट किया जा सकता है।
-लखनऊ से अयोध्या होकर गोरखपुर जाने वाले वाहन हाईवे से गुजरेंगे। जरूरत पड़ने पर रामनगर चौराहे से बाराबंकी-गोंडा रोड पर डायवर्जन किया जा सकता है।
-लखनऊ-अयोध्या रोड पर सहादतगंज स्थित बूथ नंबर-1 से शहर में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहन रौनाही थाने के सामने रोके जाएंगे।
-रायबरेली-अयोध्या रोड पर अग्रसेन चौराहे से शहर की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
-सुलतानपुर-अयोध्या रोड पर शांति चौक से बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जरूरत पड़ने पर भारी वाहन पूराकलंदर थाने के सामने राके जाएंगे।
-अंबेडकरनगर-अयोध्या रोड पर महाराजगंज से दर्शननगर की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। देवकाली चौराहे से दर्शननगर की ओर किसी प्रकार के वाहन नहीं जा सकेंगे।
-गोंडा जिले के लकड़मंडी से पुराना सरयू पुल होकर व साकेत पेट्रोल पंप से नयाघाट की ओर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।