अयोध्या। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय के साथ थाना कोतवाली महाराजगंज में आयोजित समाधान दिवस में लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देश दिए गए। पूर्व में आयोजित हो चुके समाधान दिवसों में प्राप्त प्रार्थनापत्रों के निस्तारण की गुणवत्ता का परीक्षण भी किया गया। शिकायत कर्ताओं से फोन पर बात कर फीडबैक भी लिया गया।
मिल्कीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक मिल्कीपुर सर्किल के तीनों थानों कुमारगंज, इनायतनगर और खंडासा मुख्यालयों पर आयोजित थाना समाधान दिवस में 22 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से मात्र कुमारगंज थाने पर ही पांच शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने करा दिया। कुमारगंज पर एसडीएम दिग्विजय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया।
बीकापुर प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली में शनिवार को एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार, एसडीएम अनुराग प्रसाद की मौजूदगी में आयोजित समाधान दिवस में कुल 13 शिकायतें आईं लेकिन किसी भी शिकायत का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी, एसएसआई वीर सिंह के अलावा थाने के उपनिरीक्षक और राजस्व कर्मी मौजूद रहे।
मयाबाजार प्रतिनिधि के मुताबिक महराजगंज थाने मेें कुल दो मामले आए। इनमें से एक मामले का त्वरित निस्तारण करवाकर दूसरे के लिए राजस्व व पुलिस की टीम को मौके पर भेजा गया। रामपुरपुवारी की तारावती पत्नी कपिल देव ने निर्माण का विरोध करने की शिकायत दर्ज कराई। बताया गया कि निस्तारण के लिए टीम भेजी गई है।
देवा सूर्यभानपुर में लक्ष्मी कांत व नरेंद्र बहादुर आदि गांव के ही विपक्षी के विरुद्ध जमीन से संबंधित विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंचे। डीएम ने बुलाकर पूछा कि आप यहां कैसे आए हो तो उन्होंने समस्या बताई। जिलाधिकारी ने कहा कि बैठो, अभी सुना जाएगा। किंतु डीएम के वहां से जाने के बाद थानाध्यक्ष ने विवाद जमीन से होने के कारण निस्तारण के लिए एसडीएम व बीडीओ से मिलने की सलाह दी।
रुदौली प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली रुदौली में आयोजित समाधान दिवस में दो शिकायतें आईं। शिकायत के निस्तारण के लिए राजस्व विभाग और पुलिस टीम का गठन किया गया। समाधान दिवस में कोतवाली प्रभारी विनोद बाबू मिश्र, एसएसआई लल्लन सिंह राठौर, राजस्व निरीक्षक विश्वनाथ सिंह, राम केवल यादव, लेखपाल केदार नाथ सिंह व यशवंत प्रताप मौजूद रहे।