मिल्कीपुर। थाना क्षेत्र इनायत नगर के परसवां गांव में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पड़ोसी के घर के पीछे फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम पंचायत परसवां पूरे बहरेलियन निवासी खदेरू यादव का 24 वर्षीय बेटा विजय बहादुर 7 जुलाई की रात खाना खाकर घर में सोया था। 8 जुलाई की सुबह पड़ोसी जगन्नाथ यादव की बेटी ने खदेरू के परिजनों को बताया कि विजय बहादुर ने उसके घर के पीछे फांसी लगा ली है। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों की सूचना पर उपनिरीक्षक जयलाल भी पहुंच गये। विजय का मोबाइल फोन जगन्नाथ के घर में मिला है। पुलिस टीम को जगन्नाथ के घर में छानबीन के दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।