बीकापुर। कोविड टीकाकरण कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर में शनिवार को उमड़ी भीड़ अव्यवस्था के चलते हंगामे पर उतारू हो गयी। काउंटर खुलने से पहले ही टीकाकरण केंद्र पर जुटे लोग रजिस्ट्रेशन काउंटर पर टीकाकरण कराने एवं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने को लेकर बेकाबू होने लगे।
इसे लेकर रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से विवाद और नोकझोंक शुरू होने लगी। स्थिति संभालने के लिए अस्पताल प्रशासन को मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने टीकाकरण के लिए आए लोगों को लाइन में लगवा कर टीकाकरण शुरू कराया।
मौके पर मौजूद स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी देव प्रकाश वर्मा ने बताया कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य से अधिक टीकाकरण किया जा रहा है।
पिछले कुछ समय से टीकाकरण के लिए लोगों की भीड़ अधिक हो जाने से व्यवस्था बनाने में समस्या पैदा हो रही है। वहीं टीकाकरण कराने आए लोगों का कहना था कि पेयजल और छाया की व्यवस्था न होने के कारण धूप में परिसर में लाइन लगाकर घंटों खड़ा इंतजार करना काफी परेशानी बन रहा है।
महिलाओं, बीमार लोगों को भी घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बावजूद टीकाकरण एवं रजिस्ट्रेशन काउंटर की संख्या को नहीं बढ़ाया जा रहा है।