शहर के एक उपासना स्थल में विस्फोट व शीशा तोड़कर सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने की घटना का पुलिस ने रविवार को पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने साजिश में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन मोबाइल बरामद किए हैं। एसएसपी मोहित गुप्ता ने कहा कि पकड़े गए दोनों सूत्रधार हैं। उन्होंने घटना की प्रतिक्रिया में मैसेज भेजे गए थे।
पुुलिस लाइन में एसएसपी मोहित गुप्त ने रविवार को बताया कि 12 अक्तूबर की रात्रि एक धर्म स्थल में विस्फोट कर शीशा तोड़ने की घटना में रिपोर्ट दर्ज कर खुलासे को पुलिस टीम लगाई गई थी। टीम को मौके पर बम विस्फोट के साक्ष्य नहीं मिले हैं, लेकिन वारदात के साजिशकर्ता पकड़ लिए गए हैं।
षडयंत्र में शामिल ऋषभ पाठक निवासी देवकाली व मनमोहन सिंह उर्फ शेरसिंह निवासी मोइयाकपूरपुर थाना पूराकलंदर को शनिवार को सिविल लाइन से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 12 अक्तूबर की एक घटना से आक्रोशित होकर विस्फोट करने की वारदात के षडयंत्र में शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपियों ने व्हाट्स एप द्वारा घटना करने का मैसेज प्रेषित किया था। आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल सेट के व्हाट्स ऐप पर मोबाइल के द्वारा 12 अक्तूबर को शाम 7.26 से 7.30 बजे के बीच बम रखने के संबंध में मैसेज भेजा गया, जिसके बाद घटना हुई।