टूटे ट्रैक से काशन पर चल रहीं ट्रेनें
- फोटो : अमर उजाला
आचार्य नरेंद्रदेव नगर (सिटी) रेलवे स्टेशन व फैजाबाद जंक्शन के बीच टूटे ट्रैक को अभी तक बदला नहीं गया है। पटना-इंदौर एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान सोमवार देर रात टूटे इस ट्रैक से हादसे की आशंका बनी हुई है, फिर भी रेल महकमे की नींद नहीं टूट रही है। जुगाड़ करके 20 किमी के काशन पर ट्रेनें गुजारी जा रही हैं। इस ट्रैक से 78 ट्रेनें रेंगते हुए निकाली जा रही हैं।
स्थानीय रेलअधिकारी घटना के 48 घंटे बाद भी सहमे हुए हैं। काशन न हटाए जाने की वजह यार्ड के साथ ही आसपास के ट्रैकों का जर्जर होना भी मान रहे हैं। इसके पहले यार्ड में हुए कई डिरेलमेंट से जेबीए स्कूल और मोदहा दक्षिणी तक ट्रैकों पर पांच से लेकर 10 किमी के काशन पर ट्रेनों को चलाने का काम कई सालों से चळ रहा है। यङ काशन चाहते हुए भी इंजीनियरिंग विभाग नहीं हटा पा रहा है। प्वाइंट, लॉक और ट्रैक काफी पुराने सिस्टम के हैं। इन्हें रिपेयर करके चलाया जा रहा है।
इंजीनियरिंग विभाग के एक अधिकारी ने नाम न लिखने की शर्त पर कहा कि सोमवार रात पौने तीन बजे 966/1 से 966/2 प्वाइंट के बीच ट्रैक टूटा था, उसे गैस से क्लैंप के साथ वेल्ड किया गया है। उस स्थान को क्लैंप से बांधा गया है। फिलहाल घटनास्थल से 20 किमी के काशन से ही ट्रेनें गुजारी जा रही हैं। शीघ्र ही ट्रैक ठीक कराकर काशन हटाया जाएगा। सिटी स्टेशन के उप अधीक्षक एमएन मिश्र ने कहा कि ट्रैक टूटने के बाद सावधानी से ट्रेनों का संचालन हो रहा है।