फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन बच्चों की डूबकर मौत

Sun, 10 Apr 2016 11:20 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/फैजाबाद
विज्ञापन
तालाब - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिले के तीन थाना क्षेत्राें में हुए हादसों में तीन बच्चों की डूब कर मौत हो गई है। रौनाही थानाक्षेत्र के बड़ागांव रेलवे स्टेशन के उत्तर गहरे गड्ढे में रविवार को नहाने गए दो सगे भाइयों में एक की डूबकर मौत हो गई।
विज्ञापन


जबकि कोतवाली रुदौली के मानापुर गांव में परिवारीजन के साथ खेत गए आठ वर्षीय बालक की मड़हा नाले में डूबने से मौत हो गई। तीसरी घटना मवईथाना क्षेत्र के मीर मऊ गांव में हुई, जहां एक बालक की हौज में डूबकर जान चली गई। 

बड़ागांव स्थित ननिहाल में रह रहे सगे भाई मो. गुलफाम व मो. सुहैल (12) वर्ष पुत्र मो. शाहिद रविवार सुबह तकरीबन 11 बजे के आसपास बड़ागांव रेलवे स्टेशन के उत्तर बेहरा तालाब के बगल बडे़ गड्ढे में नहा रहे थे। इसी दौरान दोनों डूबने लगे। गुलफाम ने किसी तरह अपने को बचा लिया लेकिन सुहैल डूब गया। गुलफाम घर पहुंचा और परिवारीजनों को सुहैल के डूबने की सूचना दी।
विज्ञापन


परिवारीजन उसे बचाने के लिए तालाब की ओर दौड़े। सुहैल को तालाब से बाहर निकाला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और उसकी सासें थम चुकी थीं। चौकी प्रभारी अवनीश चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि परिवारीजनों के आग्रह पर शव का पंचनामा कर परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया। 

वहीं कोतवाली रुदौली के मानापुर गांव निवासी पंचम अपने परिवार के साथ रविवार की सुबह तकरीबन नौ बजे गेहूं की कटाई करने मड़हा नाले के किनारे गया हुआ था। साथ में आठ वर्षीय पुत्र राजू उर्फ मघवा भी था। ग्राम प्रधान उदित यादव ने बताया कि राजू नित्यक्रिया के लिए मड़हा नाले पर गया था। अचानक वह नाले में गिर गया।

काफी देर बाद जब वह नहीं लौटा तो परिवारीजन तलाश करते हुए नाले के पास पहुंचे। जहां नाले के पानी में उसका शव उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों और परिवारीजनों ने पंचनामा कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। 

उधर मवई थाना क्षेत्र के मीरमऊ गांव निवासी सन्नू मियां का छह वर्षीय पुत्र मो. इंसान शनिवार को सर्विंस स्टेशन के पास बने हौज के पास नहा रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह हौज में जा गिरा। मो. इंसान जब देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजन उसे तलाशने निकल पड़े। लोग ढूढ़ते हुए हौज के पास पहुंचे तो देखा कि बालक का शव हौज में उतरा रहा था। परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर उसे दफना दिया गया। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें