फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सियालदह एक्सप्रेस से भिड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बचे रेल यात्री

Tue, 24 Nov 2015 10:55 PM IST
फैजाबाद/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर क्षेत्र में बछड़ा सुल्तानपुर के निकट मंगलवार सुबह करीब 7:15 बजे जम्मू जा रही सियालदह एक्सप्रेस की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जबर्दस्त टक्कर हो गई।
विज्ञापन


इससे एक ट्रॉली के परखचे उड़ गये जबकि दूसरी ट्रॉली और ट्रेन के दो एसएलआर कोच व इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। ऊपर वाले का शुक्र था कि तेज रफ्तार में जा रही ट्रेन पलटी नहीं और यात्री हताहत होने से बच गये।

आरपीएफ ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रैक्टर व दोनों ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के तकपुरा निवासी हृदयराम वर्मा का ट्रैक्टर दो छोटी-छोटी ट्रॉलियों पर ईंट लादकर बछड़ा सुल्तानपुर में गिराने पहुंचा था।
विज्ञापन


ट्रैक्टर को तकपुरा निवासी रामप्रवेश वर्मा चला रहा था। आचार्य नरेंद्र देव नगर रेलवे स्टेशन के पूरब में रेलवे ट्रैक के किनारे ट्रॉली लगाकर ईंट उतारी जा रही थी।

आचार्य नगर में ठहराव न होने से अयोध्या से फैजाबाद तेजी से जा रही सियालदह ट्रेन ट्रैक किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। यह टक्कर इतनी तेज थी कि एक ट्रॉली का बायां हिस्सा उखड़कर दूर जा गिरा।

 दूसरी ट्रॉली और ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेन के इंजन की दाहिनी ओर की सीढ़ी और कुछ पुर्जे टूटकर अलग हो गये। इंजन के ठीक पीछे लगी एसएलआर बोगी का दरवाजा उखड़ गया।

उसके पीछे लगे दूसरे एसएलआर की लोहे की सीट उखड़ गई। हादसे की तेज आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद ट्रेन को उसके चालक हरेंद्र सिंह ने फैजाबाद स्टेशन पर सुबह 7:35 बजे पहुंचाया और मेमो दिया।

एसएम की सूचना पर आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची। आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार तिवारी ने बताया कि चालक रामप्रवेश वर्मा को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में ले लिया गया है।

रेलवे एक्ट के तहत अतिचार-बिना अधिकार रेलवे क्षेत्र में प्रवेश, यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और रेल संचालन में बाधा डालने, गाड़ी विलंब करने की धाराओं में केस दर्ज हुआ है।
विज्ञापन


बताया कि दुर्घटना की वजह से फैजाबाद में ट्रेन 40 मिनट खड़ी रही। लोको इंस्पेक्टर और कैरिज एंड वैगन के जेई की जांच परख के बाद ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना हुई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें