40 चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर के परिसर स्थित आवासीय कालोनी में रह रही पूर्व स्टाफ नर्स के कमरे का ताला तोड़कर दिनदहाड़े चोरों ने डेढ़ लाख की नकदी, जेवरात समेत चार लाख का सामान उड़ा दिया।
गोरखपुर निवासी कमलेश सिंह दस माह पूर्व सीएचसी में स्टाफ नर्स के पद से रिटायर हो चुकी हैं। वह सीएचसी आवासीय कालोनी में दूसरी मंजिल पर आवंटित कमरे में ही रह रही हैं। पीड़ित कमलेश का कहना है की शनिवार सुबह दस बजे वे अपने कमरे में ताला बंद करके बाजार स्थित क्लीनिक में प्रैक्टिस करने चली गई। शाम को जब लौटकर आई तो कमरे का ताला टूटा मिला।
आलमारी की चाभी कमरे में मेज पर रह गई थी, जिससे चोरों ने चाभी से आलमारी खोलकर एक लाख पचास हजार की नकदी, सोने की चार चूड़ी, दो जोड़ी पायल, चार अंगूठी, सोने का मांग टीका, दो कान की बाली, एक जोड़ी सोने का झाला, सोने की कील और मिटटी का गुल्लक भी उठा ले गए जिसमें करीब छह हजार की रेजगारी थी।
सीएचसी के प्रभारी अधीक्षक डॉ. फिरोज अहमद ने बताया कि रिटायर स्टाफ नर्स कमलेश सिंह को कमरा खाली करने के लिए शनिवार को ही नोटिस दी गई है। उसी दिन चोरी होना समझ से परे है। प्रभारी कोतवाल इंद्रेश कुमार यादव का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच कराई जा रही है।