घर में बिखरा सामान दिखाती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
रुदौली कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक ग्राम प्रधान समेत दो घरों से नकदी व जेवर पर हाथ साफ कर दिया। शुक्रवार सुबह मामले की जानकारी पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया है। पीड़ितों का कहना है कि जेवर व नकदी मिलाकर कर लाखों का माल चोरी हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव वनगांवा निवासी ग्राम प्रधान कुलदीप कुमार मौर्य के यहां गुरुवार रात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और कमरे का ताला तोड़ कर जेवरात वाला बक्सा छत के रास्ते उठा ले गये। बक्से में रखे सोने-चांदी के जेवर व पांच हजार रुपये निकाल बक्से को गांव के बाहर छोड़ भाग निकले।
शुक्रवार सुबह नित्यक्रिया के लिए निकले ग्रामीणों ने टूटा बक्सा देख चर्चा की तो मामले की जानकारी हुई। प्रधान के परिवार ने मौके पर पहुंच पहचान की। बताया कि प्रधान कुलदीप की 28 अप्रैल को शादी तय है। जेवर दुल्हन को देने के लिए बनवाकर रखे गये थे।
उधर, दूसरी घटना गांव के राममन डोम के घर में हुई, जहां चोरों ने तीन बक्सों का ताला तोड़ 400 रुपये नगद समेत 20 हजार मूल्य के जेवर उड़ा लिए। इस बाबत कोतवाल रुदौली गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सूचना पर भेलसर चौकी प्रभारी अच्छेलाल सरोज को भेज मौका-मुआयना कराया गया है। अभी कोई तहरीर नही मिली है।