पुलिस महकमे में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर ठगी का एक और मामला प्रकाश में आया है। आरोपी सिपाही के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इसके पूर्व कैंट थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित ने वर्तमान में अमेठी पुलिस लाइन में तैनात सिपाही के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर गबन व धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है।
परिक्षेत्र के जिले अमेठी के थाना मोहनगंज स्थित कोची निवासी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि सात साल पहले बसपा शासनकाल में पुलिस विभाग में सिपाही भर्ती निकली थी।
महकमे में तैनात सिपाही मान सिंह ने उसकी नौकरी लगवाने की बात कही और किश्तों में रक म लेनी शुरू कर दी। धीरे-धीरे सिपाही ने दो लाख 10 हजार रुपये लिये और भर्ती कराने की बात कही।
प्रदेश में सरकार बदलने के बाद भर्ती प्रक्रिया स्थगित हो गई और फिर से नये सिरे से पुलिस भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई। आरोपी सिपाही मान सिंह नई भर्ती प्रक्रिया में नौकरी दिलाने का झांसा देकर टरकाता रहा, लेकिन उसको नौकरी नहीं मिली।
उसने रकम वापस मांगी तो मान सिंह ने हीलाहवाली शुरू कर दी। रकम वापस न मिलने पर शिकायत पुलिस अधिकारियों से की गई तो विभागीय जांच कराने की बात कही गई। जांच के बाद एसएसपी के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाल एचएन मिश्र ने गुरुवार को बताया कि पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मान सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी व रकम हड़पने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सिपाही पर आरोप है कि उसने दिया वर्ष 2009 में नौकरी दिलाने के नाम पर अमेठी के थाना मोहनगंज स्थित कोची निवासी सुनील कुमार सिंह से दो लाख 10 हजार रुपये हड़प लिए। मामले की विवेचना कराई जा रही है।