वैवाहिक समारोह में शराब पीने-पिलाने को लेकर चले दौर के बीच नशे में धुत लोगों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि करीब दर्जन भर लोग मौके से भाग निकले।
कुमारगंज थाना क्षेत्र उमरहर पुरे सूर्यमणि में मंगलवार रात बितासी रैदास के घर वैवाहिक समारोह के उपलक्ष्य में भोज चल रहा था। कुछ लोग भोजन के बाद दूसरे पंडाल में शराब पीने के लिए चले गए। जहां गिलास में शराब परोसी जा रही थी और जाम से जाम टकरा रहे थे।
इसी बीच एक युवक शराब कम मिलने पर परोस रहे युवक से बोतल छीनने लगा। पंडाल में मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया तो नशे में धुत युवक भिड़ गया। कुछ ही देर में पंडाल के अंदर जाम से जाम टकरा रहे लोग आपस में भिड़ गए और जमकर लात-घूंसे चले।
जिसमें आधा दर्जन लोग चोटहिल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल-100 टीम ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया जबकि लगभग एक दर्जन लोग भाग निकले। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीन लोगों का चालान शांतिभंग में किया गया है।