धोखाधड़ी करके एटीएम से रुपये निकालने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के साथ ही बैंक के स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
तारुन के सोनौरा गाउपुर निवासी किसान भास्कर पांडेय का कहना है कि 23 नवंबर की शाम वह नाका स्थित एचडीएफसी के एटीएम से रुपये निकालने गए थे।
जहां दो युवकों ने झांसा देकर उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंसा दिया। इसके बाद पांच बार में 73 हजार 927 रुपये खाते से निकाल लिए।
भास्कर का कहना है कि मामले में तत्काल बैंक को सूचना दी गई थी, इसके बावजूद रकम निकाल ली गई। उन्होंने बैंक अफसरों व कर्मियों पर भी धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
नगर कोतवाल एचएन मिश्र ने बताया कि भास्कर ने दो अज्ञात युवकों के साथ ही बड़ौदा ग्रामीण बैंक की रिकाबगंज शाखा के अधिकारी व कर्मचारीगण के खिलाफ चोरी व धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवेचना कराई जा रही है।