महराजगंज थाने से बीते सप्ताह चोरी गई दरोगा की सर्विस पिस्टल की तहकीकात में जुटी पुलिस के हत्थे मालखाने से बंदूकों को पार करने वाला पूरा गिरोह चढ़ गया। पुलिस ने असलहा चोरी में शामिल थाने के एक सिपाही समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जबकि थाने के मुंशी समेत तीन पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने चोरी गई सर्विस पिस्टल के साथ मालखाने से पार की गईं छह बंदूकें बरामद की हैं। एसएसपी मोहित गुप्ता ने बताया कि मामले में सिपाही मो. शाहिद और मुंशी विनोद यादव को निलंबित कर दिया गया है।
हफ्ते भर पहले महराजगंज थाने में तैनात दरोगा अरविंद कुमार के कमरे से रात को उनकी सर्विस पिस्टल, दो मैगजीन और 20 कारतूस गायब हो गए थे। मामले में दरोगा अरविंद की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अधिकारियों की ओर से प्रकरण के खुलासे के लिए थाना पुलिस के साथ स्वाट टीम को लगाया गया था।
प्रभारी निरीक्षक सज्जाद हुसैन नकवी ने शनिवार को बताया कि थाना पुलिस व स्वाट ने शुक्रवार शाम मया तिराहे के पास से थाने में तैनात सिपाही मो. शाहिद निवासी हस्सू जनौरी पटरी थाना पटहेरवा जिला कुशीनगर समेत संदीप तिवारी और सत्यम शुक्ला उर्फ आशीष निवासी रमन पट्टी रामपुर मया थाना महराजगंज को गिरफ्तार किया।
सिपाही शाहिद के कब्जे से दो एसबीबीएल बंदूक फैक्ट्री मेड, दरोगा की चोरी गई सर्विस पिस्टल, दो मैगजीन, 13 कारतूस, एक खोखा कारतूस और 1200 रुपये, संदीप के कब्जे से दो एसबीबीएल बंदूक फैक्ट्री मेड व 800 रुपये तथा सत्यम के पास से दो एसबीबीएल बंदूक फैक्ट्री मेड बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद बंदूकें थाने के मालखाने से गायब की गई थीं। बताया कि मुंशी विनोद यादव व सिपाही शाहिद की मिलीभगत से मालखाने से बंदूकें पार की जाती थी और आशीष के माध्यम से बाहर पहुंचा दी जाती थीं।
उन्होंने बताया कि पकड़े गये लोगों ने मुंशी विनोद यादव के साथ थाना क्षेत्र के रमन पट्टी रामपुर मया निवासी दुर्गेश शुक्ला और तारगौहान निवासी दुर्गा वर्मा का नाम बताया है। जिनकी तलाश कराई जा रही है। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पकड़े गये सिपाही समेत तीनों का चालान किया जा रहा है। उधर, एसएसपी ने घटना के खुलासे में जुटी पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का ईनाम दिये जाने की घोषणा भी की है।