फैजाबाद। गुरुवार को पूरा कलंदर पुलिस की गिरफ्त में अधिवक्ता की हत्या का आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
पूराकलंदर में दो दिन पूर्व जमीन विवाद को लेकर हुई वकील की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से आला कत्ल बरामद किया है।
दो दिन पूर्व इटौरा निवासी वकील सत्यवान पांडेय की गांव के बाहर लोहे की रॉड से हत्या कर दी गई थी। वह दर्शननगर-भरतकुंड मार्ग पर इंदिरा पब्लिक स्कूल चलाते थे। प्रकरण में मृत वकील के पिता विनोद पांडेय ने गांव के उमापति पांडेय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने छिपने के ठिकाने से निकलकर कहीं अन्य जगह जाने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी की और गुरुवार दोपहर इलाहाबाद हाईवे पर नयपुरा स्थित शारदा सहायक नहर के पास एक साइकिल सवार को हिरासत में लिया।
जिसकी शिनाख्त उमापति के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की पटिया बरामद कर ली। पूछताछ में उमापति ने बताया कि बाग में उसको बड़ा हिस्सा मिलना था, लेकिन पट्टीदार वकील उसको व उसके परिवार को बाग की ओर फटकने तक नहीं दे रहे थे।
अगस्त में लकड़ी काटने गये उनके बेटे की पिटाई की गई। इतना ही नहीं, परेशान करने के लिए उसके खिलाफ कई मुकदमे कर दिये गये और कचहरी पहुंचने पर प्रताड़ित किया जाता। जिससे तंग आकर उसको हमले का निर्णय लेना पड़ा। एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि उमापति ने वारदात करने की बात कबूल कर ली है।