बताया, यूपी व बिहार करने जा रहे थे गांजे की सप्लाई
फैजाबाद। एसटीएफ व कैंट पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में रायबरेली रोड पर स्थित एक गैराज से करीब 10 क्विंटल 10 किलो गांजा बरामद किया गया है। पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। पकड़े गए गांजे की कीमत करीब 70 लाख रुपए आंकी जा रही है।
लखनऊ एसटीएफ टीम को असम के रास्ते यूपी-बिहार नशा सप्लाई करने की सूचना मिल रही थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर लखनऊ से आई एसटीएफ टीम ने थाना कैंट पुलिस के सहयोग से रायबरेली रोड स्थित पैगापुर मोड़ के निकट एक गैराज पर छापा मारा।
इस दौरान वहां खड़ी एक मिनी ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें से 10.10 क्विंटल गांजा मिला। पुलिस ने गांजा सप्लाई करने जा रहे श्रीराम निवासी मकदूमपुर सिगनी थाना बल्दीराय जिला सुल्तानपुर व राहुल साहनी निवासी बल्दीरामपुर जिला समस्तीपुर को गिरफ्तार किया है।
थाना कैंट प्रभारी राजेश सिंह के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह इस गांजे की सप्लाई यूपी व बिहार करने जा रहे थे। उन्होंने बताया आरोपियों से और जानकारी लेने के लिए उन्हें रिमांड पर लेने का प्रयास किया जा रहा है।