मंगलवार को नगर कोतवाली में लूट की वारदात के बाद पीड़ित से घटनाक्रम की जानकारी लेते नगर कोतवाल।
- फोटो : अमर उजाला
नगर कोतवाली के नाका बाइपास पर हाइवे किनारे मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक रिटायर्ड दिव्यांग कर्मी से 60 हजार की रकम लूट ली। असलहा लहराते हुए मौके से भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी करवा बदमाशों की तलाश कराई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस पीड़ित से घटनाक्रम का ब्यौरा हासिल कर पूछताछ व विधिक कार्रवाई में जुटी है।
मूल रूप से बहराइच जनपद के पयागपुर थानाक्षेत्र स्थित कासीजोत निवासी दिव्यांग सहदेव प्रसाद जिले के पूराकलंदर थानाक्षेत्र स्थित तराई बीज विकास निगम में बीज ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। वर्ष 2015 में रिटायर होने के बाद वह अपने गांव चले गये।
नौकरी के दौरान उन्होंने मसौधा के मोतीनगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में रकम फिक्स डिपॉजिट कराई थी। अवधि पूरी होने के चलते मंगलवार को वह फिक्स डिपॉजिट की रकम निकालने मसौधा आए थे।
मोती नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 60 हजार रुपये निकालने के बाद ऑटो से वह शहर आए और नाका स्थित एक प्रतिष्ठान से किताब व दवाएं खरीदने के बाद बस पकड़ने के लिए रिक्शा लेकर नाका हाइवे बाईपास की ओर रवाना हुए।
दोपहर को सहदेव बस के इंतजार में नाका ओवरब्रिज के पास खड़े थे। इसी बीच बाइक सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और युवकों ने अलसहा दिखाकर उनका झोला छीन लिया। असलहा लहराते हुए रकम समेत झोला छीनकर बाइक सवार बदमाश मौके से भाग निकले।
दिव्यांग रिटायर्ड कर्मी ने हल्ला-गोहार मचाई तो आसपास के लोग दौड़े और मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम तथा पुलिस को दी। जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों के निर्देश पर नाकेबंदी करवा वाहन चेकिंग अभियान शुरू करवा दिया गया।
हालांकि लूट की वारदात को अंजाम देकर मौके से भागे बदमाशों का कोई सुराग न हासिल हो सका। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश बैंक से ही रिटायर्ड कर्मी के पीछे लगे थे और मौका देख वारदात को अंजाम दिया।
इस बाबत नगर कोतवाल एएम जायसवाल ने बताया कि पीड़ित रिटायर्ड कर्मी से घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ पूछताछ की जा रही है। प्रक्ररण में रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।