पीड़ित की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर
मवई (फैजाबाद)। मवई थाना क्षेत्र में एक रेलकर्मी के घर चोरों ने गुरुवार रात नकब काटकर हजारों का सामान पार कर दिया। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
मवई थाना क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, आए दिन घटनाओं में इजाफा हो रहा है। बावजूद इसके पुलिस कुंभकर्णी नीद सो रही है।
मवई के सुनबा गांव के मजरे पूरे पांडेय निवासी हनुमान यादव के घर चोरों ने गुरुवार रात नकब काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। हनुमान रेलवे में सर्विस करते हैं और सपरिवार लखनऊ में रहते हैं।
उनके घर मेेें छोटा भाई बृजलाल अपना कुछ सामान आदि रखता है। पीड़ित बृजलाल द्वारा पुलिस चौकी सैदपुर में तहरीर दी गयी है। इसमें पीड़ित द्वारा बताया गया कि चोर घर से उसकी पत्नी के सोने-चांदी के गहने के साथ ही सात हजार रुपये नकद व पांच लीटर मोबिल ऑयल ले गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभी भाई हनुमान का क्या-क्या सामान चोरी हुआ है, वह उनके आने पर पता चलेगा। मवई थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि सैदपुर चौकी इंचार्ज को जांच के लिए भेजा गया है।