बीकापुर। कोतवाली क्षेत्र के इलाहाबाद हाईवे पर जलालपुर माफी तिराहे के पास गुरुवार दोपहर में बेकाबू एसयूवी ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे एसयूवी में फंसकर बाइक कुछ दूर तक घिसटती चली गई।
हादसे में बाइक सवार अज्ञात महिला व पुरुष समेत चार वर्षीय मासूम बालिका घायल हो गई। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर लाया गया, जहां चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल पुरुष तथा मासूम बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आक्रोशित लोगों ने एसयूवी में तोड़फोड़ की व चालक को पीट दिया। घायल व मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
हादसा गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ, जब एक व्यक्ति बाइक पर महिला व उसकी गोद में बच्ची को लेकर फैजाबाद की तरफ से बीकापुर जा रहा था।
जलालपुर माफी तिराहे के पास पीछे से एसयूवी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, इस दौरान बाइक एसयूवी में फंस गई और लगभग 50 मीटर तक घिसटती चली गई।
तिराहे पर मौजूद लोगों ने दौड़कर एसयूवी को रोका और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने लगभग 35 वर्षीय महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पुरुष व मासूम बच्ची को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बीकापुर कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक महिला व घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया कि बाइक सवार चालक हेलमेट लगाए था, जबकि एसयूवी का चालक नशे में लग रहा था, अभी उसकी भी पहचान नहीं हो पाई है।