नोटबंदी को लेकर कैश की किल्लत के बीच बैंक शाखाओं के आसपास फिर से उचक्कों की सक्रियता बढ़ गई है। गुरुवार को दूसरी पहर उचक्के ने विकास प्राधिकरण के सामने से बाइक के झोले में रखी 20 हजार की रकम पार कर दी।
मूल रूप से पड़ोसी जनपद गोंडा निवासी तथा शहर के अमानीगंज क्षेत्र में रह रहे हरीश सिंह ने गुरुवार को नियावां स्थित आईसीसीआई बैंक शाखा से 20 हजार रुपये निकाले थे। बैंक की ओर से यह रकम 20 के नोट के शक्ल में दस गड्डियों के रूप में दी गई थी।
वह रकम को बाइक के झोले में रखकर अपने साथी राकेश तिवारी के साथ कैंट थाना क्षेत्र के रास्ते अयोध्या फैजाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और राकेश तिवारी प्राधिकरण कार्यालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चेक जमा कराने चले गये।
इसी बीच मुंह पर मफलर बांधे एक युवक लगभग चार बजे हरीश के पास पहुंचा और कहा कि उनका साथी बुला रहा है। हरीश बैंक की ओर बढ़े तो युवक ने बाइक के झोले की चेन खोलकर रकम निकाल ली और रफूचक्कर हो गया।
पीड़ित ने बैंक प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने का अनुरोध किया, लेकिन शाखा प्रबंधक के चले जाने के चलते सफलता न मिल सकी। अभी पीड़ित ने शिकायत पुलिस को नहीं दी है। उनका कहना है कि बैंक में पड़ताल के बाद तहरीर पुलिस को दी जाएगी।