फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तमंचे के बल पर पेट्रोल पंप के सेल्समैन से लूट का प्रयास

विज्ञापन
विज्ञापन
हैदरगंज (फैजाबाद)। थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर सोमवार की रात पहुंचे एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर सेल्समैन से रुपये लूटने का प्रयास किया। इस दौरान सेल्समैन बचाव के लिए बदमाशों पर पेट्रोल की बौछार कर भागा, तो उस पर बदमाशों ने गोली चला दी, लेकिन सेल्समैन बाल-बाल बच गया। शोर मचने पर बदमाश वहां से भाग गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन


हैदरगंज स्थित सियाराम फिलिंग पंप पर सोमवार रात करीब 8:30 बजे दो बाइक सवार पेट्रोल पंप पर आए और सेल्समैन सुनील यादव से 150 रुपये का पेट्रोल डालने को कहा। सेल्समैन जैसे ही मशीन में पैसा फीड करनेे के लिए मुड़ा, तभी पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकाल कर सेल्समैन को लगा दिया और बिक्री की रकम मांगने लगा।

यह देख सेल्समैन ने बदमाशों पर नाजिल से पेट्रोल की बौछार कर दी और भागने लगा। इससे बौखलाए बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी, लेकिन सेल्समैन बाल-बाल बच गया। फायरिंग की आवाज सुन कर पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मी दौड़े तो आरोपी भाग गए। ये वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विज्ञापन


सूचना पर सीओ बीकापुर अरविंद चौरसिया व थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली। थाना प्रभारी राम आसरे यादव ने बताया कि पंप मालिक संतोष की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मंगलवार सुबह एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने भी पंप पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखा और सेल्समैन समेत अन्य कर्मियों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कैद आरोपियों की पहचान के लिए जिले के सभी थानों से संपर्क किया जा रहा है, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें