कुमारगंज (अयोध्या)। थाना क्षेत्र के उधुई पुरे जगन मिश्र गांव के बाहर शुक्रवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक छात्र का शव पेड़ से लटका मिला। छात्र जिस पेड़ पर फंदे से लटका मिला, वह पेड़ काफी छोटा है, जबकि उसकी दोनों चप्पल उसके हाथ में फंसी हुई है। छात्र के परिवारजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। वहीं, पुलिस के अनुसार उसे शनिवार सुबह छात्र के मौत की सूचना दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुमारगंज थाना क्षेत्र के उधुई पुरे जगन मिश्र गांव निवासी शिवनाथ मिश्र का छोटा बेटा अंकुर (17) कक्षा 12 का छात्र था। शुक्रवार शाम वह साइकिल लेकर घर से खेत के लिए निकला था। देर शाम तक वापस नहीं आने पर उसकी खोजबीन शुरू हुई तो शाम करीब सात बजे गांव के बाहर नहर की पटरी पर उसकी साइकिल खड़ी मिली।
आसपास खोजबीन करने पर नहर के पास झाड़ियाें में एक छोटे से पेड़ से उसका शव लटका मिला। पिता शिवनाथ के अनुसार मृतक छात्र के हाथ में उसकी दोनों चप्पलें फंसी हुई थीं, जबकि वह जिस पेड़ से लटका हुआ था वह काफी छोटा था। ग्रामीणों व परिवारीजनों ने शव को उतारा और घर ले गए। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची कुमारगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
छात्र के पिता ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर कुमारगंज थाने में दी है, जिसकी पुष्टि कुमारगंज थाना के कार्यवाहक प्रभारी राम प्रकाश तिवारी ने की है। घटना के संदर्भ में सीओ मिल्कीपुर रुचि गुप्ता का कहना है कि शाम को मौके की सूचना नहीं देने के कारण मामला उलझ गया है। सुबह सूचना मिलने पर जांच की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा।