फैजाबाद। पीडब्ल्यूडी ठेकेदारी को लेकर वर्चस्व के मामले अब तेज होते जा रहे हैं। हाल में दो ठेकेदारों पर हो चुके जानलेवा हमलों के बाद ठेका कब्जाने की होड़ में जुटे सिंडिकेट और आपराधिक गुटों के गठजोड़ ने फिर सोमवार सुबह कैंट थाना क्षेत्र के आरटीओ कार्यालय के सामने कार से जा रहे एक ठेकेदार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।
हमले में ठेकेदार को एक गोली हाथ लगी है, जबकि दो गोली पास से निकल कार में धंस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल ठेकेदार ने कार सवार चारों हमलावरों को पहचानने का दावा करते हुए नामजद तहरीर दी है।
आला अफसरों का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर एसपी सिटी व सीओ सदर, सीओ मिल्कीपुर के नेतृत्व में थानों की चार टीमें बनाकर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे थाना रौनाही के भरतूपुर गांव निवासी लोक निर्माण विभाग में पंजीकृत ए क्लास के ठेकेदार अनंत पाल सिंह (38) कार से पिता जीतपाल सिंह को डॉ. एसपी सिंह के यहां दिखाने जा रहे थे।
कैंट थाना क्षेत्र में लबे रोड आरटीओ ऑफिस के निकट कौशलपुरी फेज-2 के पास एक एसयूवी सवार चार युवकों ने उनकी कार रोक कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एक गोली कार पर, दूसरी हाथ में तो तीसरी उसे छूकर निकल गई। शोर मचने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल ठेकेदार ने तत्काल इसकी सूचना एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों को दी।
मौके पर एसपी सिटी अनिल सिंह व सीओ सिटी विक्रांतवीर पहुंचे और घायल ठेकेदार को जिला अस्पताल भेजवाया। तहरीर में घायल ठेकेदार अनंतपाल सिंह ने इनायतनगर थाना के ईटगांव निवासी संजय सिंह व रंजीत सिंह, महराजगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर निवासी विनोद सिंह व कुशमाहा निवासी रणविजय सिंह पर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि संजय सिंह व विनोद सिंह शातिर अपराधी हैं। उनपर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ सदर व मिल्कीपुर, एसओ कैंट व महराजगंज के नेतृत्व में टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है। एसओ कैंट राजेश सिंह का कहना है कि मामले में चार नामजद समेत अन्य अज्ञात पर केस दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
धमकी मिलने पर की थी शिकायत
ठेकेदार अनंत पाल ने हमले का कारण बीते माह मिल्कीपुर में हुए पीडब्लूडी के एक ठेके का टेंडर बताया। मिल्कीपुर के इस टेंडर को एक जनप्रतिनिधि के इशारे पर माफिया ने रोकने का प्रयास किया था।
इसको लेकर उन्हें मिल्कीपुर के ईटगांव निवासी शातिर अपराधी संजय सिंह व रंजीत सिंह ने धमकी दी थी, उन्होंने इसकी शिकायत एसएसपी से करते हुए कॉल की रिकॉर्डिंग भी सौंपी थी।
मामले में सीओ सदर ने उनका बयान भी लिया था। पूर्व में भी उन्होंने शातिर अपराधी संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
इसके बाद भी राजेपुर के चर्चित अपराधी विनोद सिंह, संजय सिंह व अन्य उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इस संदर्भ में उन्होंने बीते दिनों सीएम, गृह सचिव व डीजीपी समेत अन्य अधिकारियों को लिखित शिकायत भी की थी। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया।