आज समाप्त होगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
फैजाबाद। तेज गति से चल रही पुरवा हवा के साथ शुक्रवार को अचानक मौसम का मिजाज बदलने से किसान भयभीत हो गए। एकाध इलाकों में आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई तो कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी रही। इससे गेहूं की कटाई व मड़ाई में तेजी से जुटे किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें दिखाई पड़ीं। हालांकि मौसम विभाग ने अब मौसम साफ रहने की बात कही है।
पिछले कुछ दिनों से तेज धूप व उमस भरी गर्मी में शुक्रवार को एकाएक बदलाव दिया। सुबह ही आसमान में काले बादलों ने दस्तक दी तो पुरवा हवा के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। मौसम में नमी आने से जहां एक ओर आम जनमानस ने राहत महसूस किया, वहीं किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं। इन दिनों सभी क्षेत्रों में किसान अपनी गाढ़ी कमाई बटोरने की जुगत में लगे हैं। बादलों के बीच धूप-छांव व बूंदे भी टपकने से गेहूं की मड़ाई-कटाई प्रभावित हो गई है। बारिश हुई तो गाढ़ी कमाई डूबने के खतरे से किसान भयभीत हो गए। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश समेत पहाड़ी इलाकों में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बना था। जिसकी वजह से शुक्रवार को मौसम में नमी आई है। लेकिन अगले चौबीस घंटे में उसका भी असर समाप्त हो जाएगा और आसमान साफ रहेगा।