अयोध्या। कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर जिले में फिलहाल राहत है। पहली दिसंबर से अब तक जिले में 207 लोग विदेश यात्रा करके लौटे हैं। इनमें से 182 लोगों की अभी तक कोरोना जांच कराई गई है, सभी निगेटिव हैं। हालांकि, इन लोगों की निगरानी की जा रही है।
विभिन्न देशों के अलावा देश में भी कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मिलने से हड़कंप है। जिले में भी इसे लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। सबसे ज्यादा निगरानी विभिन्न देशों से यात्रा करके लौटे लोगों की हो रही है। शासन से प्राप्त होने वाली सूची के आधार पर कंट्रोल रूम से इनसे संपर्क साधते हुए संबंधित यात्रियों की कोरोना जांच कराई जाती है। अभी तक किसी भी यात्री में ओमिक्रॉन की पुष्टि नहीं हुई है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार दिसंबर में अभी तक जिले में 207 लोगों की सूची शासन से प्राप्त हुई है। इनमें से 182 लोगों तक स्वास्थ्य टीमें पहुंच चुकी हैं जिनकी कंट्रोल रूम से निगरानी भी की जा रही है। इन लोगों की कोरोना जांच भी कराई गई है, सभी की रिपोर्ट निगेटिव है।
सीएमओ डॉ. अजय राजा ने बताया कि ओमिक्रॉन से निपटने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विदेश की यात्रा करके लौटे लोगों में अभी तक संक्रमण नहीं मिला है। सबकी हालत भी सामान्य है। आमजन को इसे लेकर खास सतर्क रहने की जरूरत है। बिना मॉस्क के सार्वजनिक स्थानों पर न निकलें, दो गज की दूरी का पालन करें और समय-समय पर हाथों को सैनिटाइज करें।