बीकापुर (अयोध्या)। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से जहानाबाद बिहार निवासी एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार सुबह कोतवाली क्षेत्र के देवसिया पारा गांव के समीप हुआ।
कोतवाली क्षेत्र के देवसियापारा गांव के पास निर्माणाधीन प्रधानमंत्री सड़क पर जहानाबाद बिहार से मजदूरी करने उपेंद्र बीन पत्नी और बच्चे के साथ आए हैं। शुक्रवार सुबह उपेंद्र बीन अपनी पत्नी और एक वर्षीय मासूम बच्चे अभिषेक कुमार के साथ सड़क के किनारे जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने अभिषेक को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वहां काम कर रहे मजदूरों ने बाइक चालक को पकड़ लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम को परिवारीजन आननफानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये जहां डॉ. संत कुमार मौर्या ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सड़क हादसे में मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक मणि शंकर तिवारी, उपनिरीक्षक मिथिलेश चौहान व दिवाकर कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बारे में जानकारी करने के बाद बालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मणिशंकर तिवारी ने बताया कि दुर्घटना करने वाली बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।